17/10/2026
सेताडीह ग्राम सभा में सामुदायिक वन संसाधनों के अधिकार को लेकर भौतिक सत्यापन एवं स्थल जाँच
अनगड़ा, रांची | 12 अक्टूबर 2026
झारखंड के रांची जिले के अनगड़ा प्रखंड अंतर्गत बर्वादाग पंचायत के सेताडीह गाँव में सोमवार, 12 अक्टूबर 2026 को सामुदायिक भवन के समक्ष ग्राम सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान राजेश बेदिया ने की, जबकि संचालन धीरेन बेदिया ने किया।
बैठक में वनाधिकार अधिनियम, 2006 के तहत सामुदायिक वन संसाधनों पर अधिकार प्राप्त करने तथा उनके संरक्षण, संवर्धन और प्रबंधन को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान सामुदायिक वन संसाधनों से संबंधित दावों के लिए भौतिक सत्यापन एवं स्थल जाँच की प्रक्रिया पूरी की गई, ताकि ग्रामीणों के पारंपरिक वन अधिकारों को मान्यता दिलाने की दिशा में आगे की कार्रवाई की जा सके।
स्थल जाँच के दौरान नहीं पहुँचे कोई पदाधिकारी
ग्राम सभा की ओर से सामुदायिक वन संसाधनों के भौतिक सत्यापन एवं स्थल जाँच का कार्यक्रम आयोजित किया गया था, लेकिन इस प्रक्रिया के दौरान कोई भी सरकारी पदाधिकारी उपस्थित नहीं हुए। ग्रामीणों के बीच अधिकारियों की अनुपस्थिति चर्चा का विषय रही। वनाधिकार कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ग्राम सभा और संबंधित सरकारी विभागों के बीच समन्वय तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक कार्रवाई को महत्वपूर्ण बताया गया।
महिला-पुरुषों सहित ग्रामीणों ने लिया हिस्सा
बैठक में इंस्टीट्यूट ऑफ कम्युनिटी फॉरेस्ट गवर्नेंस (ICFG) की क्लस्टर कोऑर्डिनेटर घासनी मुंडा, फील्ड कोऑर्डिनेटर कर्मी लोहरा, सहजू बेदिया, बर्वादाग पंचायत के पूर्व मुखिया सीताराम पातर, बुधराम बेदिया, विश्वनाथ लोहरा सहित वन अधिकार समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। इसके अलावा गाँव के महिला और पुरुष ग्रामीणों ने भी बैठक में भाग लिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य वनाधिकार अधिनियम, 2006 के तहत सामुदायिक वन संसाधनों पर ग्राम सभा के अधिकारों को सुनिश्चित करने तथा जंगलों के संरक्षण एवं सामुदायिक प्रबंधन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना रहा। ग्रामीणों की भागीदारी ने वनाधिकार कानून के प्रति जागरूकता और सामुदायिक स्तर पर अधिकारों की मान्यता की आवश्यकता को रेखांकित किया।
रिपोर्ट: प्रकाश भारती #सामुदायिकवनअधिकार #वनाधिकारकानून2006