13/05/2026
*प्रेस विज्ञप्ति*
दिनांक: 13 मई 2026
स्थान: नौएडा
*नौएडा सिटीजन फोरम (एनo सीo एफo) के प्रतिनिधिमंडल ने की नौएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी से मुलाकात, जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सौंपे ज्ञापन।*
सामाजिक संस्था “नौएडा सिटीजन फोरम” के प्रतिनिधिमंडल ने नौएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश से मुलाकात कर शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण जनहित के विषयों पर विस्तृत चर्चा की। सीईओ ने विषयों को ध्यानपूर्वक समझा और कार्यवाही के आदेश दिए।
सिटीजन फोरम द्वारा सौंपे गए ज्ञापन पत्रों में मुख्य रूप से नौएडा में स्वच्छ पेयजल उपलब्धता, जल संरक्षण, प्रशासनिक पारदर्शिता, जन शिकायत निवारण, अवैध निर्माण, पर्यावरण संरक्षण, सीवर एवं स्वच्छता व्यवस्था, ग्रामीण विकास, खेल सुविधाओं, लंबित फ्लैट रजिस्ट्री तथा बालिका शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे। साथ ही अवैध बैंक्वेट हॉलों को सील किए जाने की मांग भी रखी गई जिसपर सीईओ नौएडा ने कार्यवाही के निर्देश अपने अधीनस्थ को दिए।
प्रमुख मांगें एवं विषय इस प्रकार रहे:
1. स्वच्छ पेयजल एवं जल संरक्षण संबंधी मांगें:
फोरम ने नौएडा में उच्च टीडीएस युक्त एवं दूषित जल आपूर्ति के विषय में सीईओ नौएडा प्राधिकरण से चर्चा की तथा यह मांग रखी कि गंगाजल मिश्रण एवं जल ट्रीटमेंट के बाद ही जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
सभी हाईराइज सोसायटियों में रेनवाटर हार्वेस्टिंग की नियमित जांच एवं कार्यक्षमता ऑडिट कराया जाए।
प्रत्येक सेक्टर में रीयल-टाइम टीडीएस मॉनिटरिंग एवं सार्वजनिक डैशबोर्ड स्थापित किए जाएं।
वाटर रिचार्ज वैल विकसित किए जाएं।
एस.टी.पी. एवं आर.ओ. के पानी को ट्रीटमेंट के बाद कहां उपयोग किया जा सकता है इस पर विचार किया जाए।
अवैध बोरवेल पर कठोर कार्यवाही हो।
टैंक ओवरफ्लो रोकने हेतु ऑटो कट-ऑफ सिस्टम अनिवार्य किए जाएं।
प्रत्येक सेक्टर में “वाटर टास्क फोर्स” गठित की जाए।
2. प्रशासनिक पारदर्शिता एवं जवाबदेही:
नौएडा सिटीजन फोरम ने प्राधिकरण में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बढ़ाने हेतु
लोकपाल की शीघ्र नियुक्ति, सिटीजन चार्टर का प्रभावी क्रियान्वयन और प्रकाशन आई.जी.आर.एस. प्रणाली को प्रभावी बनाना, जन सूचना अधिकार निस्तारण में पारदर्शिता, विकास परियोजनाओं की ई.आई.ए. एवं ई.एम.पी. रिपोर्ट सार्वजनिक करना तथा वरिष्ठ अधिकारियों की संपत्ति विवरण सार्वजनिक करने जैसी महत्वपूर्ण मांगें उठाईं गईं।
3. सैक्टर-123 नौएडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स निर्माण में देरी की बात को भी सीईओ के समक्ष रखा।
फोरम ने सैक्टर-123 में प्रस्तावित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण में हो रही अत्यधिक देरी को अनुचित बताया, जिसपर सीईओ नौएडा प्राधिकरण ने शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया। फोरम ने सीईओ नौएडा प्राधिकरण को अवगत कराया कि नौएडा में खाली पड़ी भूमि पर अवैध कूड़ा डंपिंग एवं आगजनी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे बहुत ज्यादा प्रदूषण फैल रहा है।
फोरम ने परियोजना का कार्य शीघ्र प्रारंभ करने तथा तब तक क्षेत्र की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की।
4. शहर से जुड़े कई अन्य महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे पर भी सीईओ नौएडा प्राधिकरण के साथ विस्तार से चर्चा हुई, जिसमें सैक्टर-150 में इंजीनियर युवराज मेहता मृत्यु प्रकरण की न्यायिक जांच की बात कही गई तथा दोषी अधिकारियों पर भी कार्यवाही की मांग रखी गई।
सैक्टर-145 नौएडा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अवैध डंपिंग ग्राउंड बंद किए जाने की बात भी सीईओ के समक्ष रखी।
जर्जर सीवर लाइनों शीघ्र पुनर्निर्माण, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं खेल सुविधाओं के विस्तार की बातें भी कही गईं।
5. नौएडा में हजारों फ्लैट बायर्स की रजिस्ट्री नहीं हो पा रही हैं जिसे शीघ्र शुरू किया जाए।
6. ग्राम सोहरखा, सैक्टर-115 में कम्पोजिट गर्ल्स स्कूल की मांग को भी उठाया गया।
फोरम ने ग्राम सोहरखा में “कम्पोजिट गर्ल्स स्कूल” की स्थापना हेतु ग्रामवासियों की मांग को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत करने का अनुरोध किया। फोरम ने कहा कि यह पहल क्षेत्र की बालिकाओं की शिक्षा एवं महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।
नौएडा सिटीजन फोरम ने कहा कि नौएडा जैसे आधुनिक शहर में नागरिकों को स्वच्छ जल, सुरक्षित वातावरण, पारदर्शी प्रशासन एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। फोरम की कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती शालिनी सिंह ने सभी मुद्दों पर समयबद्ध एवं ठोस कार्यवाही की अपेक्षा व्यक्त की।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने सभी विषयों से संबंधित पत्रों को ध्यान पूर्वक पढ़ा एवं कई विषयों पर कार्यवाही हेतु अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया एवं कुछ विषयों पर शीघ्र ही कार्यवाही करने के लिए फोरम को आश्वस्त किया।
फोरम ने यह भी कहा कि संस्था सदैव जनहित एवं शहर के समग्र विकास हेतु प्रशासन के साथ सकारात्मक सहयोग के लिए तैयार है।
इस अवसर पर एनoसीoएफo की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह, महासचिव प्रशांत त्यागी, सचिव एवं कार्यालय प्रभारी गरिमा त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष प्रदीप यादव, सचिव गिरीश कपूर, राजश्री गुप्ता, विधिक सलाहकार एडवोकेट कमल कौशिक उपस्थित रहे।
धन्यवाद,
(गरिमा त्रिपाठी)
सचिव एवं कार्यालय प्रभारी
नौएडा सिटीजन फोरम
PMO India
Nitin Nabin
CM Office
BJP Uttar Pradesh
Nand Gopal Gupta Nandi
Dainik Jagran
Amar Ujala
Dainik Bhaskar
Navbharat Times Online
Yugkarvat