15/02/2026
सोच बदलो, गाँव बदलो संस्था ने अपनी प्रस्तुति सुयोग के पुष्कर अधिवेशन में दी, जिसे बहुत सराहा गया. संस्था के अनुभव यहाँ शेयर किये जा रहे हैं.
“अच्छी शिक्षा, अच्छा स्वास्थ्य, पढ़ी-लिखी माँ, कर्ज़-मुक्त समाज” — कर्नल किरोड़ी सिंह बैसला
नमस्कार साथियों,
स्वर्गीय श्री किरोड़ी सिंह जी बैसला साहब — गुर्जर समाज में सामाजिक चेतना के जनक और समाज को अपने हक़ तथा अधिकारों के प्रति जागरूक करने वाले पुरोधा — उनके विचारों को पल्लवित और प्रसारित करने के उद्देश्य से उनकी पुत्री श्रीमती सुनीता जी बैसला (रिटायर्ड आईआरएस अधिकारी) द्वारा “सुयोग” (SUYOG – Social Upliftment of Youth and Other Groups) नामक संस्था का संचालन किया जा रहा है। इस संस्था के माध्यम से देशभर के विभिन्न बुद्धिजीवी और समाजसेवी एकजुट होकर समाज में जागृति का कार्य कर रहे हैं।
हाल ही में अजमेर जिले के पुष्कर में सुयोग संस्था का वार्षिक महाअधिवेशन आयोजित किया गया, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों में सामाजिक परिवर्तन का कार्य कर रही संस्थाओं और संगठनों को विचार-विमर्श एवं वैचारिक आदान-प्रदान हेतु आमंत्रित किया गया। आप सभी के दृढ़ संकल्प और निस्वार्थ भाव से किए जा रहे निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप ही “सोच बदलो, गाँव बदलो” टीम को भी इस महाअधिवेशन में आमंत्रित किया गया।
सोच बदलो, गाँव बदलो टीम के प्रतिनिधि के रूप में मुझे टीम के कार्यों को विस्तार से प्रस्तुत करने का अवसर मिला। साथियों, यह बताते हुए मुझे गर्व हो रहा है कि हमारे प्रेजेंटेशन के बाद देशभर से आए विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि टीम के कार्यों से अत्यंत प्रभावित हुए और टीम की खुले दिल से प्रशंसा की। वहाँ उपस्थित बुद्धिजीवियों का कहना था कि सोच बदलो, गाँव बदलो टीम आम सोच से आगे बढ़कर समाज-उत्थान का कार्य कर रही है।
साथियों, डॉ. सत्यपाल सिंह मीणा जी की दूरगामी सोच और आप सभी की मेहनत रंग ला रही है। आज इस सोच की पहचान धौलपुर जिले से निकलकर देशभर में स्थापित हो रही है।
जय SBGBT
जय उत्थान
सादर 🙏
डी.पी.एस. मीना Sunita Bainsla
कार्यकर्ता, सोच बदलो गाँव बदलो टीम