25/04/2026
मैथिली बाल साहित्य समारोह, मधुबनी, 2026
अनादि फाउंडेशन की मधुबनी इकाई द्वारा आज जानकी नवमी के शुभ अवसर पर मधुबनी के बाबू साहेब चौक स्थित, क्रिएटिव पब्लिक स्कूल के सभागार में प्रथम मैथिली बाल साहित्य समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह के मुख्य अतिथि बाल साहित्य के लिए साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित श्री बीरेन्द्र झा, एवं निर्णायक के रूप में प्रसिद्ध साहित्यकार श्री रेवती रमण झा, श्री दिलीप कुमार झा और श्री चंदेश्वर खां ने मंच को सुशोभित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, स्वागत गान एवं झिझिया के माध्यम से किया गया।
सभागार में प्रो नरेंद्र नारायण सिंह निराला , प्रो विनयानंद झा,श्री भोला नंद झा, श्री अभिषेक कुमार, श्री दीप नारायण विद्यार्थी, श्री मती चंदना दत्त, श्रीमती मालती मिश्र, श्री नीरज कुमार झा आदि ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन श्री अभिषेक कुमार ने किया।
सभी विशिष्ट अतिथियों ने पहली बार विद्यार्थियों पर केंद्रित इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजन के लिए अनादि फाउंडेशन की की प्रशंसा की एवं कई उपयोगी सुझाव दिए।
बच्चों ने आठ विषयों पर चयनित 48 मैथिली कविताओं में से पूछे गए विषय से किसी एक कविता को सुनाया। ज्यादातर बच्चों का प्रदर्शन बेहतरीन था।
प्रथम पुरस्कार प्राथमिक विद्यालय महिनाथपुर की छात्रा सुश्री आयशा खातून, द्वितीय पुरस्कार प्राथमिक विद्यालय मोहनपुर मुसहरी के छात्र श्री सोमदेव और तृतीय पुरस्कार प्राथमिक विद्यालय रैयाम मलहटोली की छात्रा आफरीन परवीन को प्राप्त हुआ। पुरस्कार के रूप में विजेताओं को पुस्तक एवं ट्रॉफी के अतिरिक्त सभी प्रतिभागियों को मेडल एवं सर्टिफिकेट प्रदान किया गया।
इस कार्यक्रम को एक वर्ष तक परिश्रमपूर्वक चलाने के लिए मीनाक्षीजी, राजकुमारी जी, ऊषा जी, संगीता जी एवं मुन्नी जी जैसी पांच सरकारी विद्यालयों की शिक्षिकाओं को प्रतीक चिन्ह एवं मिथिला ब्लॉक प्रिंट की साड़ी भेंट कर सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन अनादि फाउंडेशन की मधुबनी इकाई की अध्यक्ष श्रीमती अंजना मिश्रा, श्रीमती वंदना झा एवं श्री सुबोध कुमार झा द्वारा किया गया।