24/04/2026
रचनात्मक महिला मंच द्वारा राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर ब्लॉक सभागार में गोष्ठी का आयोजन किया गया।
गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए प्रधान संगठन सल्ट के अध्यक्ष गिरीश रावत ने कहा कि प्रधान संगठन और रचनात्मक महिला मंच मिलकर पंचायती राज की मजबूती के लिए संघर्ष करेंगे। इस अवसर पर रचनात्मक महिला मंच की अध्यक्ष सुनीता देवी ने कहा कि कुछ ही महीनों में नई पंचायतों के गठन को 1 वर्ष पूरा हो जायेगा। गठन के बाद ग्राम पंचायत विकास योजना बनाने की खानापूरी कर ली गई है। कहीं-कहीं कुछ काम भी हो रहे हैं। उन्होंने प्रश्न किया कि परन्तु क्या हम पंचायती राज के वर्तमान हालातों से संतुष्ट हैं? क्या पंचायतें अपनी पूरी शक्ति के साथ काम कर पा रही हैं? उन्होंने कहा कि राज्य में पंचायतों की मजबूती के लिए लम्बे संघर्ष की जरूरत है।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए श्रमयोग के अध्यक्ष डॉ अजय कुमार ने कहा कि पंचायतों को संविधान की 11वीं अनुसूची के द्वारा कार्यों का आवंटन तो किया गया है पर धरातलीय परिस्थितियों को देखें तो कार्यों को अंजाम देने के लिए कर्मचारियों और वित्त पर पंचायतों का कोई नियंत्रण नहीं है। ऐसे में पंचायतें असहाय हैं और छोटे छोटे कामों के लिए उन्हें विभागों का मुँह ताकना पड़ता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में ग्राम पंचायत विकास योजना बनाने की प्रक्रिया बहुत लचर है। जिस वजह से पंचायतें न युवाओं के रोजगार के लिए कोई काम कर पा रही हैं न पोषण और स्वास्थ्य सुविधाओं की परिस्थितियां सुधर रही हैं। कृषि-पशुपालन सिकुड़ता जा रहा है। मानव-वन्यजीव संघर्ष बढ़ता जा रहा है। ऐसे में हम सबकी एकजुटता आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है।
गोष्ठी में मंच द्वारा वितरित पर्चे में कहा गया है कि 73वें संविधान संशोधन के तहत प्रदत्त विषयों पर गांव सभा का निर्णय अंतिम निर्णय होना चाहिए। साथ ही जब तक पंचायतों का वित्त, कार्यों की स्पष्टता और कार्मिकों पर नियंत्रण नहीं होगा तब तक पंचायती राज यों ही बेहाल रहेगा। पर्चे में आगे कहा गया है कि ग्राम सभा की एक बैठक में ग्राम पंचायत विकास योजना बनाना बिल्कुल भी संभव नहीं है। इसके लिए कम से कम तीन बैठकें होना जरूरी है।
गोष्ठी को रचनात्मक महिला मंच की सचिव पुष्पा बिष्ट, कोषाध्यक्ष दीपा देवी श्रमयोग के शंकर दत्त, चाच के प्रधान बच्ची राम इजराल. डडरिया के प्रधान शिवेंद्र सिंह. मेणाकोट की प्रधान सुनीता देवी, नैकणा की प्रधान मंजू देवी, काने के प्रधान मोहन राम, डगुला के प्रधान शंकर रावत, जसपुर कोट के प्रधान गोपाल दत्त, भ्याडी की प्रधान प्रीति रावत, नदोली की प्रधान अनीता देवी, झडगाव की प्रधान मधु देवी, कालीगाव की प्रधान पुष्पा देवी, झीमार की प्रधान तारा देवी, हिमांशु चौहान, किशोर सिंह, ने संबोधित किया। गोष्ठी का संचालन भूतपूर्व ग्राम प्रधान विजय ध्यानी ने किया।