27/04/2024
सभी करसोग वासियों को महेन्द्र कुमार कपूर का नमस्कार । आप सबको विदित है कि 2024 भारतीय आम चुनाव 19 अप्रैल 2024 से 1 जून 2024 तक, 18वीं लोकसभा के सदस्यों का चुनाव करने के लिए निर्धारित है। चुनाव के दौरान 18वीं लोकसभा के कुल 543 सदस्य चुने जाएंगे, जो सात चरणों में होंगे। चुनाव के नतीजे 4 जून 2024 को घोषित किए जाएंगे।हमारे विधान सभा क्षेत्र करसोग जिसको मंडी जिला के दूर दराज का क्षेत्र सुनते और देखते हुए हम बड़े हुए। हमें अपने सांसद का चुनाव करना है जो हम आज तक भी करते आए है। हमारे नेता हर बार चुनावों में हमें खास कर करसोग के मतदाताओं को हर बार विकास के नाम पर ठगते आए हैं।करसोग के विकास के लिए हमें स्वयं जागरूक होना पडे़गा। मेरा ये मानना है कि हम करसोग के मतदाताओं को इस चुनाव में नेताओं से प्रश्न करना चाहिए। साथ ही मतदान करने की अपील करने वाले प्रत्याशी या उसके समर्थकों से हमें करसोग की मांगो के ऊपर उनके विचार या वादे को लिखित में लेना चाहिए।
करसोग की प्रमुख मांगे:-
1. राष्ट्रीय उच्च मार्ग से करसोग उपमंडल के मुख्यालय को जोड़ा जाए।
2. करसोग परलोग रोड़ को शीघ्र पूरा किया जाए।
3. ग्राम पंचायत परलोग के फफान से बिंदला तक बस योग्य सड़क का निर्माण पूर्ण किया जाए।
4. करसोग में केन्द्रीय विद्यालय खोला जाए।
5. करसोग में खाद्य प्रसंस्करण यूनिट की स्थापना हेतु सरकार (प्रतिनिधी) अपनी योजना का खुलासा करें व जीतने के बाद कब तक करसोग में यह यूनिट काम शुरू करेगा। इस पर भी नेताओं से स्पष्टीकरण चाहिए।
6. करसोग के तत्तापानी में जल क्रिड़ा साहसिक गतिविधी प्रशिक्षण केन्द्र खोला जाए।
7. करसोग में इंजीनियरिंग महाविद्यालय खोला जाए।
उपरोक्त सात वचनों के इलावा करसोग वासियों की एक महत्वपूर्ण मांग :-
1. हिमाचल प्रदेश में भविष्य में जब भी जिलों का गठन हो। उसमें करसोग (सुकेत या सगेत के नामकरण से ) को सबसे पहले जिला घोषित किया जाए, साथ ही इस जिले को पिछड़ा क्षेत्र भी घोषित किया जाए। इस जिले को पिछड़ा क्षेत्र घोषित किया जाना चाहिए। क्योंकि इस क्षेत्र में न तो केन्द्रीय विद्यालय है न ही इस क्षेत्र में राष्ट्रीय उच्च मार्ग है न ही इस क्षेत्र की सड़कों की स्थिति अन्य क्षेत्रों के बराबर है। संक्षेप में कहूँ तो हमारा विधानसभा क्षेत्र हिमाचल का सबसे पिछड़ा क्षेत्र बन गया है।
मेरा आप सभी बुद्धिजीवी मतदाताओं से आग्रह है कि
जो प्रत्याशी ये सात वचन व जिला बनाने का समर्थन करसोग की जनता को दें। अपना मत उसी को दें। और हां केन्द्रीय मंत्री 2017 में भी झूठे वादे कर गए थे उसका भी हिसाब लिया जाए। करसोग में पॉलटेक्निकल कॉलेज व पागणा में डिग्री कॉलेज को डिनॉटिफाई करने का हिसाब भी दोनों दलों से बनता है।
नोट :- आप सब भी अपनी मांगो को हमें भेजे इसमें कुछ क्षेत्रीय मांगे हम नहीं लिख पाए हैं। आप टिप्पणी करके अपनी मांगे भेजें। करसोग विकास मंच जल्दी ही इन मांगो को सभी प्रत्याशियों को भेज रहा है और उनके विचार क्या है करसोग के बारे में इस बात का खुलासा भी आप लोगों के साथ करेगा। आप लोग इस मंच से जुड़े और करसोग के विकास में अपने सामर्थ्य से भागीरथी प्रयास करें। ताकि हम आने वाली पुश्तों को हमारा करसोग विकसित करसोग दे सकें।
महेन्द्र कुमार कपूर
करसोग विकास मंच