29/09/2024
पत्रकार कॉलोनी के तिकोना पार्क मे बांधे परिंडे और चुग्गा पात्र
जयपुर,,मानसरोवर स्थित पत्रकार कॉलोनी में नीड और पत्रकार कॉलोनी विकास समिति के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को पक्षियों के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें परिंडे बांधने और चुग्गा पात्र लगाने की पहल की गई। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पीआईबी के सेवानिवृत्त डायरेक्टर जनरल जय गोपाल और सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापिका मधुबाला ओझा ने तिकोना पार्क मे परिंदो को दाना और पानी पात्र मे भरा। कार्यक्रम में पत्रकार कॉलोनी विकास समिति के अध्यक्ष कानाराम कड़वा, महासचिव नरेंद्र सर्वोदयी,वरिष्ठ पत्रकार और संरक्षक श्याम सुंदर शर्मा, नीड संस्था के संयोजक अजीत तिवारी और महा सचिव प्रशांत जैन भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर मौजूद
पीआईबी के सेवानिवृत्त डायरेक्टर जनरल जय गोपाल ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए पक्षियों का रहना आवश्यक है। यदि बगीचों में पक्षियों के लिए दाना-पानी की नियमित व्यवस्था हो, तो उनका जीवन सरल हो जाता है। नीड और पत्रकार विकास समिति इस दिशा में जो कार्य कर रही हैं, वह निश्चित रूप से सराहनीय है और इससे पक्षियों को आसानी से भोजन और पानी मिल सकेगा।
सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापिका मधुबाला ओझा ने कहा कि मनुष्य तो अपने भोजन की व्यवस्था खुद कर लेता है, लेकिन पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करना परोपकारी कार्य है। इस तरह के कार्यों में सभी को सहयोग देना चाहिए, ताकि हम पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दे सकें। उन्होंने इस प्रयास के लिए पत्रकार विकास समिति और नीड संस्था की प्रशंसा की और इसे जारी रखने की अपील की।
पत्रकार कॉलोनी विकास समिति के अध्यक्ष कानाराम कड़वा ने नीड संस्था के सहयोग की प्रशंसा करते हुए कहा कि हम सभी मिलकर इस प्रयास को सफल बनाएंगे और पक्षियों को स्वतंत्र रूप से जीने का अवसर प्रदान करेंगे। महासचिव नरेंद्र सर्वोदयी ने कार्यक्रम में आए हुए सभी अतिथियों और आमजन का आभार प्रकट किया और इस पहल को आगे भी जारी रखने का संकल्प लिया।