25/11/2023
शहादत को नमन.. लिखिए शहीदों के नाम अपना संदेश. राजौरी के 5 शहीदों की कहानियां- एक की दो हफ्ते बाद शादी थी, दूसरे के घरवाले खोज रहे थे दुल्हन, तीसरे के भाई भी हो चुके हैं शहीद
जम्मू कश्मीर के में 5 जवानों ने देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर कर दिए. राजौरी में आतंकियों के साथ हुई मुठभेड़ में ये जवान शहीद हो गए. इनमें दो कैप्टन भी थे. वहीं, जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने लश्कर के दो आतंकियों को भी ढेर कर दिया.
राजौरी में दरमसाल के बाजीमल इलाके में 36 घंटे चली इस मुठभेड़ में मारे गए आतंकियों में लश्कर-ए-तैयबा का शीर्ष कमांडर भी शामिल है. इस पाकिस्तानी आतंकी ने अफगानिस्तान में ट्रेनिंग ली थी. इसके बाद दहशत फैलाने के लिए बॉर्डर के रास्ते भारत में घुसपैठ की थी.
आतंकियों के साथ फायरिंग बुधवार को शुरू हुई थी. लेकिन बुधवार रात को इलाके को चारों तरफ से घेरकर फायरिंग बंद कर दी गई थी. गुरुवार सुबह आतंकियों ने फिर फायरिंग की. जवाबी कार्रवाई में दो आतंकी मारे गए. मारे गए लश्कर कमांडर की पहचान कारी के तौर पर हुई है.
कारी पाकिस्तानी नागरिक और हार्डकोर आतंकी था. उसकी ट्रेनिंग पाकिस्तान और अफगानिस्तान में हुई. वह लश्कर का हाईरैंक आतंकी था. कारी पिछले एक साल से अपने साथियों के साथ राजौरी-पुंछ में एक्टिव था, वह डांगरी और कांडी में हुए आतंकी हमलों का मास्टरमाइंड था. पाकिस्तान के द्वारा कारी को घाटी में आतंकवाद को पुनजीवित करने के लिए भेजा गया था. कारी IED एक्सपर्ट था. वह ट्रेन्ड स्निपर था और घने जंगल में छिपता था और साजिश के तहत हमले के अंजाम देता था.