19/04/2026
राष्ट्रपति अवार्ड स्काउट गाइड प्रशिक्षण शिविर में सिणधरी के 16 स्काउट गाइड का चयन!
अर्हता पूर्ण करने वाले स्काउट गाइड को भारत के राष्ट्रपति प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित करेंगे।
8 स्काउट्स आबूराज में व 8 गाइड्स रिड़मलसर बीकानेर में पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में करेंगे सहभागिता
सिणधरी। भारत स्काउट व गाइड राष्ट्रीय मुख्यालय नई दिल्ली के निर्देशानुसार राज्य मुख्यालय जयपुर के मार्गदर्शन में दिनांक 16 से 20 अप्रैल 2026 तक पांच दिवसीय राष्ट्रपति स्काउट, गाइड, रोवर व रेंजर प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है जिसमें बालोतरा बाड़मेर जिले से स्थानीय संघ सिणधरी के विभिन्न विद्यालयों के 8 स्काउटस का राज्य प्रशिक्षण केंद्र ओल्ड गोल्फ ग्राउंड आबूराज में तथा 8 गाइड्स का मंडल प्रशिक्षण केंद्र रिड़मलसर बीकानेर में राष्ट्रपति अवार्ड प्रशिक्षण के लिए चयन हुआ है। स्थानीय संघ सचिव चंपालाल नेहरा ने बताया कि इस शिविर के लिए राउमावि चाडो की ढाणी, राउमावि खिंयोणी सारणों की ढाणी, राउमावि कमठाई, मीराबाई ओपन गाइड कंपनी सिणधरी से कोमल चौधरी, रोशनी कुमारी, पुरों, सुशीला कुमारी, इमरती, शेरू व मीराबाई ओपन रेंजर टीम की 2 रेंजर मीना व माडू समेत कुल 8 रेंजर गाइड का मंडल प्रशिक्षण केंद्र रिड़मलसर बीकानेर में तथा राउमावि मूंढो की ढाणी से राकेश व किशन चौधरी, राउमावि खिंयोणी सारणों की ढाणी से प्रकाश चौधरी, राउमावि कमठाई से श्रीबालकृष्ण व कानाराम, कृष्णा पब्लिक स्कूल सिणधरी से भावेश खंड, स्वामी विवेकानंद ओपन स्काउट ट्रूप सिणधरी से मोहनलाल तथा स्वामी विवेकानंद ओपन रोवर क्रू सिणधरी से रोवर देवाराम से समेत 8 रोवर स्काउट राज्य प्रशिक्षण केंद्र आबूराज में राष्ट्रपति अवॉर्ड का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे है।
ट्रेनिंग काउंसलर दूदाराम चौधरी ने बताया कि इन चयनित बालचरों को दक्ष प्रशिक्षकों द्वारा प्राथमिक सहायता, विभिन्न उपयोगी गांठे, सीमित साधनों से भोजन बनाना, अनुमान लगाना, कम्पास व दिशा ज्ञान, समाजसेवा, आपात स्थिति से निपटना और राष्ट्रसेवा के लिए तत्पर रहना आदि दक्षताओं का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। शिविर में प्रत्येक रात्रि को आयोजित शिविर ज्वाल में ये स्काउट्स गाइड्स व रोवर रेंजर थार नगरी बालोतरा बाड़मेर की सांस्कृतिक कला का प्रदर्शन कर प्रशंषा भी प्राप्त करेंगे। शिविर के दौरान ये बालचर हाइक द्वारा क्षेत्र के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, प्राकृतिक एवं आध्यात्मिक स्थलों का भ्रमण करते हुए उनके ऐतिहासिक व सांस्कृतिक महत्व को भी समझेंगे। चौधरी ने बताया कि सिणधरी के 16 बालचरो का एकसाथ राष्ट्रीय शिविर में चयन होना स्थानीय संघ स्काउटिंग के लिए गर्व की बात है राष्ट्रपति अवॉर्ड अर्हता पूर्ण करने पर इन्हें भारत के राष्ट्रपति प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी करेंगे। इससे क्षेत्र के अन्य बच्चे एवं युवक युवतियां भी प्रेरित होकर राष्ट्रसेवा में अपना योगदान देने की ओर अग्रसर होंगे। चौधरी ने बताया कि इन चयनित सभी स्काउट्स व रोवर को स्काउटर गुणेशाराम, चंपालाल नेहरा, भूराराम डूडी, बाबूलाल, रणजीत खंड आदि ने गर्मजोशी के साथ रवाना किया और सुखद प्रशिक्षण व यात्रा की कामना की।